Home खेल स्पेन को हराकर जर्मनी चौथी बार बना वर्ल्ड चैंपियन, पाकिस्तान के रिकॉर्ड...

स्पेन को हराकर जर्मनी चौथी बार बना वर्ल्ड चैंपियन, पाकिस्तान के रिकॉर्ड की बराबरी की

17
0

[ad_1]

फाइनल में एक गोल की बढ़त बचाना आसान नहीं होता, लेकिन जर्मनी ने अपनी मजबूत डिफेंस के दम पर वही कर दिखाया। FIH पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में जर्मनी ने स्पेन को 1-0 से हराकर चौथी बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ जर्मनी ने पाकिस्तान के चार वर्ल्ड कप खिताब के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

बेल्जियम के वावरे में खेले गए मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले हाफ में दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं हो सका। जर्मनी और स्पेन को पहले 15 मिनट में एक-एक पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, मगर दोनों ही टीमें उसका फायदा नहीं उठा सकीं।

44वें मिनट में आया निर्णायक गोल

तीसरे क्वार्टर में स्पेन ने जर्मनी पर दबाव बढ़ाया और लगातार हमले किए। स्पेन ने इस दौरान जर्मनी के गोल पर 10 अटैक किए, लेकिन जर्मन डिफेंस को भेदना उसके लिए मुश्किल साबित हुआ। मैच का एकमात्र गोल 44वें मिनट में माइकल स्ट्रुथॉफ ने किया। जर्मनी ने दोनों फ्लैंक से शानदार तालमेल बनाते हुए हमला तैयार किया। दाईं ओर से आए पास को माइकल ने गोल में पहुंचाकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद स्पेन ने बराबरी के लिए पूरी ताकत झोंक दी। आखिरी मिनटों में टीम ने गोलकीपर को भी बाहर बुलाकर अतिरिक्त आक्रामक खिलाड़ी के साथ खेलने का फैसला किया, लेकिन जर्मनी की डिफेंस दीवार बनी रही।

जर्मनी ने पाकिस्तान की बराबरी की

इस खिताब के साथ जर्मनी पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीमों में पाकिस्तान के साथ बराबरी पर पहुंच गया है। जर्मनी ने इससे पहले 2002 में कुआलालंपुर, 2006 में मोनशेनग्लाडबाख और 2023 में भुवनेश्वर में वर्ल्ड कप खिताब जीता था। वहीं, पाकिस्तान ने 1971, 1978, 1982 और 1994 में चार बार वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। वहीं, स्पेन लंबे इंतजार के बाद फाइनल में पहुंचा था। टीम ने इससे पहले 1998 में वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था। यह उसका कुल तीसरा फाइनल था, लेकिन पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना फिर अधूरा रह गया।

फाइनल में ऐसे पहुंची थीं दोनों टीमें

स्पेन ने सेमीफाइनल में सह-मेजबान नीदरलैंड्स को 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। दूसरी ओर जर्मनी ने वावर में खेले गए सेमीफाइनल में अर्जेंटीना को 2-1 से मात दी थी। ब्रॉन्ज मेडल मैच में अर्जेंटीना ने नीदरलैंड्स को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर मेडल अपने नाम किया। इससे पहले महिला हॉकी वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना ने 29 अगस्त को खिताब जीतकर तीन बार की चैंपियन नीदरलैंड्स का दबदबा खत्म किया था। इस बार वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम ने अपना बेस्ट प्रदर्शन किया।

यह भी पढ़ें:

स्मृति मंधाना ने छुआ बड़ा मुकाम, सूजी बेट्स को पछाड़ा, अब खतरे में मिताली राज का वर्ल्ड रिकॉर्ड

चोटिल कगिसो रबाडा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI सीरीज से बाहर, टेस्ट सीरीज में भी खेलना मुश्किल



[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here