Home झारखंड ‘बिल में गड़बड़ी नहीं करूंगा’, यही जिद बनी मौत की वजह, हत्या...

‘बिल में गड़बड़ी नहीं करूंगा’, यही जिद बनी मौत की वजह, हत्या के केस में 4 गिरफ्तार

22
0

[ad_1]

Highlights

  • डीजल के बढ़े हुए बिल बनाने से इनकार करने पर कर्मचारी की हत्या का आरोप, 4 लोग गिरफ्तार।
  • ट्रैक्टर चालक की निशानदेही पर जमुई के जंगल से मंजेश सिंह का शव बरामद किया गया।
  • हत्या के मामले में प्रोजेक्ट मैनेजर समेत 2 अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में एक निजी निर्माण कंपनी के कर्मचारी की कथित तौर पर अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक ने ट्रैक्टरों के डीजल के बिल में हेराफेरी कर ज्यादा भुगतान लेने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर उसके कुछ सहकर्मियों और परियोजना प्रबंधक से उसका विवाद हो गया था। मृतक की पहचान मंजेश सिंह के रूप में हुई है। वह बिहार के लखीसराय जिले का रहने वाला था और कंपनी में क्लर्क के तौर पर काम करता था।

लापता होने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के मुताबिक, मंजेश नौकरी शुरू करने के करीब 15 दिन बाद ही वह लापता हो गया था। उसके लापता होने के बाद झारखंड पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस मुख्य आरोपी और ट्रैक्टर चालक पिंटू यादव तक पहुंची। पुलिस ने पिंटू यादव को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को मंजेश सिंह का शव बरामद किया। शव बिहार के जमुई जिले के एक जंगल से मिला। पुलिस के अनुसार, यह जगह गिरिडीह से करीब 4 किलोमीटर दूर है। खोरीमहुआ के SDPO अमरेंद्र कुमार ने बताया,

‘हमने कंपनी के दो कर्मचारियों समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी ट्रैक्टर चालक पिंटू यादव से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को मृतक का शव बरामद किया।’

डीजल के बिल में हेराफेरी का आरोप

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे ट्रैक्टरों में इस्तेमाल होने वाले डीजल के बिल में हेराफेरी कर अतिरिक्त भुगतान हासिल कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मंजेश सिंह ने इस तरह से बिल में गड़बड़ी करने की अनुमति नहीं दी। इसके चलते उसके सहकर्मियों और परियोजना प्रबंधक उपेंद्र चौधरी के साथ उसके संबंध खराब हो गए। जांच में पुलिस को पता चला कि इसके बाद कुछ सहकर्मियों और परियोजना प्रबंधक ने ट्रैक्टर चालक पिंटू यादव के साथ मिलकर मंजेश की हत्या की साजिश रची।

बाइक से जा रहे मंजेश का अपहरण

पुलिस अधिकारी के अनुसार, रविवार को 6 लोगों ने खटपोंक इलाके में मोटरसाइकिल से जा रहे मंजेश सिंह का कथित तौर पर किडनैप कर लिया। आरोपी उसे पास के जंगल में ले गए जहां उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद पत्थर से उसका सिर कुचल दिया गया। तिसरी थाने के प्रभारी शंभू नंद ईश्वर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अभी दो अन्य आरोपी फरार हैं जिनमें कंपनी का प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी भी शामिल है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। बता दें कि झारखंड में ही हाल में झाड़-फूंक करने वाले एक पुजारी की हत्या की खबर भी सामने आई थी। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: MLA ने फोन करके बताया, ‘मेरा बेटा किडनैप हो गया’, जांच में सामने आई अलग ही कहानी



[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here