Home झारखंड चतरा में एसपी आवास के बाहर दिनदहाड़े चली गोली, निजी अंगरक्षक ने...

चतरा में एसपी आवास के बाहर दिनदहाड़े चली गोली, निजी अंगरक्षक ने साथी को उतारा मौत के घाट

28
0

[ad_1]

चतरा: जिला मुख्यालय मंगलवार दोपहर उस समय गोलियों की आवाज से दहल उठा, जब पुलिस अधीक्षक के आवास एवं कार्यालय के बाहर एक निजी अंगरक्षक ने अपने ही साथी को सिर में गोली मार दी। अतिसुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई इस वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना स्थल से ही हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान बिहार के बक्सर निवासी अतुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी बलवीर सिंह भी बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है।

आपसी विवाद में मारी गोली

बताया जाता है कि चतरा बाईपास निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार रॉकी यादव उर्फ विनीत यादव मंगलवार को किसी कार्य से पुलिस अधीक्षक से मिलने उनके आवास पहुंचे थे। इस दौरान उनके दोनों निजी अंगरक्षक बाहर वाहन में मौजूद थे। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी बलवीर सिंह ने अपना हथियार निकालकर अतुल कुमार के सिर में गोली दाग दी। गोली लगते ही अतुल कुमार वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

एसपी से मिलने पहुंचे थे विधायक के बेटे

गोली चलने की आवाज सुनते ही पुलिसकर्मी तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े और आरोपी को हथियार सहित दबोच लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, रॉकी यादव की निर्माण कंपनी रमिया कंस्ट्रक्शन चतरा बाईपास निर्माण कार्य का जिम्मा संभाल रही है। इसी सिलसिले में वह पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके दोनों निजी अंगरक्षकों के बीच हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी वारदात में बदल गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है, लेकिन हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया गया है। दिनदहाड़े पुलिस अधीक्षक आवास के बाहर हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के सबसे संवेदनशील इलाके में हुई इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

इससे पहले अभी हाल में ही जमशेदपुर में भी मर्डर का मामला सामने आया था। आपसी रंजिश ने शब्बे ने राहुल की पहले जमकर पिटाई की और फिर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।  

रिपोर्ट- संजीत कुमार मिश्र

ये भी पढ़ें- सड़क किनारे मिली स्कूल टीचर की लाश, हादसे का नहीं मिला कोई निशान, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप



[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here