Home वायरल कानपुर में 15 दिन से खुला पड़ा था मौत का गड्ढा… बाइक...

कानपुर में 15 दिन से खुला पड़ा था मौत का गड्ढा… बाइक समेत गिरा डिलीवरी बॉय; CCTV में कैद हुआ हादसा

19
0

[ad_1]

कानपुर: जाजमऊ के हिंदुस्तान कंपाउंड में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। सड़क पर खुले पड़े सीवर के गड्ढे में एक डिलीवरी बॉय बाइक समेत जा गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि बाइक सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गनीमत रही कि उसने हेलमेट पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोट से बचाव हुआ। हादसे में वह घायल हो गया। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह युवक को गड्ढे से बाहर निकाला और प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले गए। 

15 दिन पहले सीवर लाइन की मरम्मत, गड्ढा खुला छोड़ने का आरोप

स्थानीय निवासी शाहरुख, अब्दुल्लाह और नवाजिश के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले सीवर लाइन टूटने के बाद सड़क पर गड्ढा हो गया था। उनका कहना है कि नगर निगम के कर्मचारियों ने सीवर लाइन की मरम्मत तो कर दी, लेकिन इसके बाद सड़क की स्थिति ठीक नहीं की गई और गड्ढा खुला छोड़ दिया गया, स्थानीय लोगों के अनुसार, गड्ढा करीब 4 फीट गहरा और 11 मीटर लंबा है। सड़क पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से रात के समय यह और खतरनाक हो जाता है। लोगों का दावा है कि यहां से गुजरने वाले बाइक सवारों के साथ-साथ बुजुर्गों और बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हादसे में घायल हुआ डिलीवरी बॉय।

Image Source : REPORTER INPUTहादसे में घायल हुआ डिलीवरी बॉय।

अंधेरे में बाइक समेत गड्ढे में गिरा युवक

घटना के वक्त मौजूद एक स्थानीय निवासी के मुताबिक, मंगलवार देर रात डिलीवरी बॉय पुल की तरफ से ऑर्डर लेकर आ रहा था। सड़क पर अंधेरा था और सामने खुला गड्ढा दिखाई नहीं दिया। बाइक की रफ्तार में युवक सीधे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग या चेतावनी के संकेत लगाए गए होते और सड़क पर पर्याप्त रोशनी होती तो हादसा टाला जा सकता था।

CCTV में कैद हुआ हादसा

हिंदुस्तान कंपाउंड में हुए हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें बाइक सवार डिलीवरी बॉय सड़क से गुजरते हुए अचानक खुले गड्ढे में गिरता दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार विभाग से गड्ढा तत्काल बंद कराने और सड़क पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अभी एक बाइक सवार घायल हुआ है। यदि इसी तरह गड्ढा खुला रहा तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।

मामले में पार्षदपति फकर इकबाल ने बताया कि सीवर लाइन से जुड़ा काम नगर निगम की ओर से कराया गया था। उनके मुताबिक काम पूरा हो चुका है। गड्ढे को जल्द भरवाकर सड़क को पाट दिया जाएगा। फिलहाल हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि मरम्मत के बाद सड़क को सुरक्षित करना भी उतना ही जरूरी है, जितना सीवर लाइन की मरम्मत करना।

वहीं, हाल ही में कानपुर में सपा विधायक 18 फीट गहरे गड्ढे पर सीढ़ी लगाकर खुद उसमें उतर गए थे। विधायक के गड्ढे में उतरने का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ और बढ़ गई। 

(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

महोबा में दर्दनाक हादसा, बारिश से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन समेत 3 मासूमों की मौत



[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here