[ad_1]

कहलगांव (भागलपुर). कहलगांव में पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री और बांग्लादेश तक तस्करी की योजना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 150 मोबाइल फोन समेत करीब 40 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किये गये हैं. जब्त मोबाइल फोन में 20 आईफोन और 130 एंड्रॉयड फोन शामिल हैं. पुलिस अब बरामद मोबाइल के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में जुटी है.
गुप्त सूचना पर विशेष टीम ने की छापेमारी
एसएसपी भागलपुर प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर जिले में चोरी की घटनाओं में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ तस्कर चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री कर उन्हें बांग्लादेश भेजने की योजना बना रहे हैं.
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसएसपी के निर्देशन तथा सिटी एसपी की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई. एसपी ग्रामीण आलोक रंजन और एसडीपीओ कहलगांव दिलीप कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कहलगांव थाना क्षेत्र में छापेमारी की. इस दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया.
150 मोबाइल फोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी ग्रामीण आलोक रंजन ने बताया कि विशेष टीम ने कहलगांव थाना क्षेत्र के पूरबटोला वार्ड-14 में छापेमारी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने मौके से 150 मोबाइल फोन के अलावा छह टैबलेट, 25 चार्जर, दो पावर बैंक, 28 चार्जिंग केबल, दो पेन ड्राइव, तीन ईयरबड्स और 25 सिम कार्ड भी जब्त किये.
बरामद मोबाइल फोन में 20 आईफोन और 130 एंड्रॉयड फोन शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये है. इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और अन्य उपकरणों की बरामदगी के बाद पुलिस गिरोह के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.
साहिबगंज और भागलपुर से जुटाते थे चोरी के मोबाइल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य साहिबगंज, भागलपुर और अन्य स्थानों से चोरी के मोबाइल फोन जुटाते थे. इसके बाद इन मोबाइल फोन को ट्रेन से फरक्का ले जाकर बांग्लादेश में सक्रिय तस्करी नेटवर्क तक पहुंचाने की योजना थी.
पुलिस के अनुसार, अवनीश कुमार और नेहा कुमारी फरक्का जाकर मोबाइल बेचते थे. पूछताछ में आरोपितों ने पिछले दो-तीन वर्षों से इस धंधे में शामिल होने की बात स्वीकार की है. हालांकि, तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है.
तीन आरोपित गिरफ्तार, पहले से दर्ज हैं मामले
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कहलगांव थाना क्षेत्र के खुटहरी निवासी अवनीश कुमार, पूरबटोला निवासी नेहा कुमारी और किरानी टोला निवासी प्रभाकर कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, तीनों के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हैं.
पुलिस बरामद मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी है. इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी के मोबाइल किन-किन स्थानों से जुटाए गए थे और तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं.
पुलिस टीम में ये अधिकारी थे शामिल
इस कार्रवाई में कहलगांव थाना के पुनि सह थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, पुअनि खुशबू कुमारी, सूरज कुमार सिंह, सुमन कुमार राय, जयप्रकाश पंडित तथा कहलगांव थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस की जांच का अगला फोकस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और चोरी के मोबाइल फोन के स्रोत का पता लगाना है.
The post चोरी के मोबाइल की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link















