Home झारखंड राष्ट्रपति के गांव बादामपहाड़ से पुरी के लिए सीधी ट्रेन को मंजूरी,...

राष्ट्रपति के गांव बादामपहाड़ से पुरी के लिए सीधी ट्रेन को मंजूरी, झारखंड के यात्रियों को भी मिलेगा लाभ

20
0

[ad_1]

जमशेदपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गांव बादामपहाड़ से ओडिशा के पुरी तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की मंजूरी रेल मंत्रालय ने दे दी है। इस नई ट्रेन के परिचालन से झारखंड और ओडिशा के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। खासकर जमशेदपुर, रायरंगपुर, चाईबासा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पुरी आने-जाने में सुविधा मिलेगी। रेल मंत्रालय ने ट्रेन के नंबर और समय-सारिणी भी जारी कर दी है। हालांकि, ट्रेन के उद्घाटन और नियमित परिचालन शुरू होने की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

रेल मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 18411 प्रतिदिन रात 11:45 बजे पुरी से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 1:45 बजे बादामपहाड़ पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 18412 बादामपहाड़ से शाम 4:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 6:00 बजे पुरी पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

नई ट्रेन का संचालन रायरंगपुर, टाटानगर, राजखरसावां और चाईबासा होते हुए किया जाएगा। दोनों दिशाओं में ट्रेन खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, मंचेश्वर, कटक, जखापुरा, सुकिंदा रोड, हरिचंदनपुर, केंदुझर, नयागढ़, बांसपानी, देवझर, डांगोआपोसी, झींकपानी, चाईबासा, राजखरसावां, सिनी, टाटानगर, औंलाजोरी और रायरंगपुर स्टेशनों पर रुकेगी।

इस ट्रेन में शुरुआती तौर पर नौ कोच लगाए जाएंगे। सीधी रेल सेवा शुरू होने से पुरी जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यात्रा में सहूलियत होगी। साथ ही, झारखंड और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है।इस सर्विस से कोल्हान के यात्रियों को पुरी जाने के लिए एक और सीधा रेल रास्ता मिलने की उम्मीद है। अब अगर जमशेदपुर से किसी को पुरी जाना है तो बार-बार ट्रेन नहीं बदलनी पड़ेगी। जिससे उनकी यात्रा न केवल आसान होगी बल्कि समय और पैसे की भी बचत होगी। यात्रियों को अब ट्रेन के उद्घाटन और परिचालन की आधिकारिक तारीख का इंतजार है।

बता दें कि हाल ही में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में धनबाद को एक और बड़ी सौगात मिली है। रेलवे बोर्ड ने धनबाद और कोयंबटूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को मंजूरी दे दी है। ट्रेन संख्या 22363/22364 धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से झारखंड समेत 6 राज्यों को फायदा होगा। झारखंड के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के बीच यात्री संपर्क और बेहतर होगा।

रिपोर्ट-गंगाधर पांडेय, जमशेदपुर

ये भी पढ़ें:

सेंट माइकल स्कूल में घुसकर फादर पर जानलेवा हमला, स्टाफ रूम में खून से लथपथ मिले; गंभीर हालत में रिम्स रेफर

 



[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here