[ad_1]
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं. 20 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर फिल्म की टीम पश्चिम बंगाल के कोलकाता पहुंची थी. यहां साल्ट लेक में आयोजित एक कार्यक्रम में रणबीर कपूर और यश शामिल हुए. इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद थे. कार्यक्रम में रणबीर ने दशहरा के महत्व और अच्छाई-बुराई की लड़ाई पर बात की, लेकिन इसी दौरान उनसे एक ऐसी चूक हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
अच्छाई की जीत की जगह कह गए कुछ और
आपको बता दें कि कार्यक्रम में रणबीर कपूर ने हिंदी में अपनी बात रखी और ‘जय श्री राम’ कहकर भाषण की शुरुआत की. उन्होंने कोलकाता की धरती पर दशहरा मनाने को सम्मान की बात बताया और कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री समेत सभी लोगों का आभार जताया.
इसके बाद रणबीर ने दशहरा के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह त्योहार हमें याद दिलाता है कि बुराई कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में अच्छाई और ईमानदारी का नाश होता है. हालांकि, वह शायद यह कहना चाहते थे कि अंत में अच्छाई की जीत होती है और बुराई हार जाती है. बोलते समय शब्दों में हुई इस चूक के बाद मंच पर मौजूद लोग एक-दूसरे की ओर देखने लगे और फिर तालियां बजाने लगे.
रणबीर ने इसके बाद लोगों से प्यार और खुशियां बांटने तथा सही रास्ते पर चलने की अपील की. उन्होंने ‘रामायण’ की टीम की ओर से सभी को दशहरे की शुभकामनाएं भी दीं.
सोशल मीडिया पर चर्चा में आया वीडियो
रणबीर के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. उनके बयान को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. दरअसल, दशहरा को बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के तौर पर मनाया जाता है. ऐसे में रणबीर के मुंह से उलट बात निकल जाने के कारण यह हिस्सा लोगों का ध्यान खींच रहा है.
पश्चिम बंगाल में टैक्स फ्री हुई ‘रामायण’
कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने फिल्म ‘रामायण’ को राज्य में टैक्स फ्री करने का ऐलान भी किया. उन्होंने कहा कि इससे पहले ‘द केरल स्टोरी’, ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द बंगाल फाइल्स’ जैसी फिल्मों को भी टैक्स फ्री करने का फैसला लिया गया है या लिया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आने वाले समय में भगवान श्रीकृष्ण, अर्जुन और महाभारत जैसे विषयों पर भी फिल्में देखने को मिल सकती हैं.
कब रिलीज होगी ‘रामायण’?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं. इनके अलावा लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह और काजल अग्रवाल भी अहम किरदारों में हैं.

फिल्म का पहला भाग दिवाली के मौके पर 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है. वहीं, इसके दूसरे भाग को 2027 में रिलीज करने की योजना है.
ये भी पढ़ें: कौन है बिहारी ऋतिक?, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में गिरफ्तारी के बाद चर्चा में आई लग्जरी लाइफस्टाइल
The post दशहरा पर रणबीर कपूर की फिसली जुबान, 'अच्छाई की जीत पर' बोलते हुए कह गए उलटी बात appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link














