[ad_1]
बिहार लोक सेवा आयोग ने 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा स्थगित कर दी है। यह परीक्षा 26 जुलाई को होनी थी। आयोग की तरफ से कहा गया है कि नई तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। बीपीएससी की तरफ से बताया गया है कि एकीकृत 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होनी थी। यह परीक्षा स्थगित की जाती है। हालांकि,आयोग ने इसका कारण नहीं बताया है। बीपीएससी ने कहा है कि परीक्षा आयोजन की नई तारीख की सूचना बाद में दी जाएगी।
बीपीएससी की दो परीक्षाओं में हुई थी धांधली
बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से इस वर्ष आयोजित दो प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्न-पत्र लीक और अन्य अनियमितताओं के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल किए जाने का खुलासा हुआ था। मामले की जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई ने आठ प्राथमिकी दर्ज कर 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा संचालन का ठेका पाने वाली कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की अनुशंसा की गई है। बीपीएससी की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा के प्रश्न-पत्र लीक मामले में आठ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिनमें से पांच मामले ईओयू ने दर्ज किए हैं।
इन जिलों में दर्ज हुए मामले
मुंगेर, बांका, लखीसराय और नालंदा से जुड़े मामलों की जांच ईओयू कर रही है। 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी वर्ष आयोजित बीपीएससी की एक अन्य प्रतियोगी परीक्षा सहायक अवशिष्ट प्रबंधक एवं लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी परीक्षा में भी धांधली के प्रमाण मिले हैं। इस संबंध में पटना के एसके पुरी थाने में एक मामला दर्ज किया गया है, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों परीक्षाओं में नयी तरह की धांधली की गई। इसके तहत बायोमेट्रिक प्रणाली से जुड़ी कंपनी के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से प्रश्न-पत्र लीक कराया गया और चुनिंदा अभ्यर्थियों तक उत्तर पहुंचाए गए।
[ad_2]
Source link














