Home अंग प्रदेश खाद-बीज की महंगाई, नल-जल की बदहाली और अस्पताल में डॉक्टरों की कमी...

खाद-बीज की महंगाई, नल-जल की बदहाली और अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर किसानों ने उठाई आवाज

20
0

[ad_1]

बारसोई (कटिहार). किसानों और आम लोगों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र में आवाज उठाई गई. पूर्व पंचायत समिति सदस्य मसूद इकबाल की अगुवाई में किसानों ने खाद-बीज की कीमत, नल-जल योजना और अनुमंडल अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से इन समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की.

सरकारी दर से अधिक कीमत पर खाद-बीज मिलने की शिकायत

मसूद इकबाल ने बताया कि किसानों की ओर से लगातार शिकायत मिल रही है कि उन्हें खाद और बीज सरकारी निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खरीदना पड़ रहा है. इससे पहले से आर्थिक संकट झेल रहे किसानों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि समय पर उचित दर पर कृषि सामग्री उपलब्ध नहीं होने से खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है.

बारसोई में खाद का रैक लगाने की मांग

खाद-बीज विक्रेताओं से बातचीत का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि बारसोई में खाद का रैक नहीं लगने के कारण दुकानदारों को दूर-दराज के क्षेत्रों से खाद मंगानी पड़ती है. परिवहन और अन्य खर्च बढ़ने से कीमत प्रभावित होने की बात कही जा रही है. किसानों की परेशानी को देखते हुए बारसोई में खाद का रैक उपलब्ध कराने और सरकारी दर पर खाद-बीज की बिक्री सुनिश्चित कराने की मांग की गई.

नल-जल योजना की बदहाली पर उठे सवाल

मसूद इकबाल ने कई इलाकों में नल-जल योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पाइपलाइन और जलापूर्ति व्यवस्था में समस्या के कारण लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है. उन्होंने योजना की जमीनी स्तर पर जांच कराकर खराब व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की.

अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा

स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने बारसोई अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाया. उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों की ड्यूटी व्यवस्था की प्रभावी निगरानी की भी मांग की. मसूद इकबाल ने कहा कि कुछ चिकित्सकों के निजी नर्सिंग होम पर अधिक ध्यान देने की शिकायतें मिलती हैं. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने प्रशासन से अस्पताल की व्यवस्था की जांच कराकर मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की.

किसानों और गरीब परिवारों की समस्याओं के समाधान की मांग

पूर्व पंचायत समिति सदस्य ने कहा कि किसान, मजदूर और गरीब परिवार क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और सामाजिक व्यवस्था की रीढ़ हैं. उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और सरकार को गंभीरता से संज्ञान लेकर स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने खाद-बीज, पेयजल, स्वास्थ्य सहित अन्य जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की.

The post खाद-बीज की महंगाई, नल-जल की बदहाली और अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर किसानों ने उठाई आवाज appeared first on Prabhat Khabar.

[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here