Home अंग प्रदेश नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का वायरल वीडियो निकला पुराना, SSP ने बतायी...

नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का वायरल वीडियो निकला पुराना, SSP ने बतायी पूरी कहानी, एक गिरफ्तार

20
0

[ad_1]

कहलगांव (भागलपुर). कहलगांव अनुमंडल के आमडंडा थाना क्षेत्र से नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ से जोड़कर वायरल किये जा रहे वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है. पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया मामला छात्रा से छेड़छाड़ का नहीं, बल्कि दो युवक-युवतियों से ग्रामीणों द्वारा पूछताछ और इस दौरान हुई धक्का-मुक्की का सामने आया है. एसएसपी के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और वीडियो में एक व्यक्ति को धक्का-मुक्की करते हुए देखे जाने के बाद उसकी गिरफ्तारी भी कर ली गयी है. अन्य लोगों की भूमिका की जांच करते हुए गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है.

दो कपल्स घर से बिना बताये निकले थे

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पुलिस को Instagram पर वीडियो के वायरल होने की जानकारी मिली थी. सत्यापन के बाद पता चला कि वीडियो लगभग एक सप्ताह पुराना है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शाहकुंड इलाके के दो कपल्स कथित तौर पर घर से बिना बताए निकले थे और शादी करने की योजना बना रहे थे. पुलिस के अनुसार, दोनों युवक-युवतियां सनहौला थाना क्षेत्र के एक मंदिर में शादी करने के लिए जाने वाले थे. वहां भीड़ अधिक होने के कारण वे आमडंडा थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में स्थित एक बंद शिव मंदिर की ओर चले गये.

बंद मंदिर के पास ग्रामीणों ने युवकों को देखा

एसएसपी के अनुसार, जब दोनों युवक-युवतियां बंद शिव मंदिर के पास पहुंचे तो वहां कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी. ग्रामीणों ने संदिग्ध स्थिति में वहां पहुंचे युवकों और युवतियों से पूछताछ शुरू की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों युवक वहां से भाग गये, जबकि दोनों युवतियां वहीं रह गयीं. इसके बाद ग्रामीणों ने उनसे यह जानने का प्रयास किया कि वे कौन हैं और वहां किस वजह से आयी हैं.

पूछताछ के दौरान हुई धक्का-मुक्की

एसएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो में कुछ लोगों द्वारा युवतियों के साथ पूछताछ के दौरान धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी नजर आ रहे हैं. पुलिस की प्रारंभिक जांच में ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर छेड़खानी की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों का कहना था कि वे वहां पहुंचे युवक-युवतियों से उनकी पहचान और वहां आने की वजह पूछ रहे थे. इसी दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी. हालांकि, पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की है और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है.

एक व्यक्ति गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

एसएसपी ने बताया कि वीडियो में एक व्यक्ति को धक्का-मुक्की करते हुए देखा गया है. पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है. पुलिस वीडियो की सत्यता, घटनास्थल और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

वायरल वीडियो को लेकर पुलिस ने किया सत्यापन

मामले में सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह सामने आया है कि सोशल मीडिया पर जिस वीडियो को नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ से जोड़कर प्रसारित किया जा रहा था, वह करीब एक सप्ताह पुराना है. पुलिस के सत्यापन के बाद वीडियो से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी सोशल मीडिया पर किये जा रहे दावे से अलग सामने आयी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वायरल वीडियो को बिना सत्यापन के किसी घटना से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करें. खासकर नाबालिगों से जुड़े मामलों में पहचान और संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक करने से बचने की जरूरत है.

पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर होगी साफ

फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.

The post नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का वायरल वीडियो निकला पुराना, SSP ने बतायी पूरी कहानी, एक गिरफ्तार appeared first on Prabhat Khabar.

[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here