Home अंग प्रदेश बिहार:पटना के मरीन ड्राइव जा रहे थे दो दोस्त, गांधी सेतु पर...

बिहार:पटना के मरीन ड्राइव जा रहे थे दो दोस्त, गांधी सेतु पर ट्रक ने कुचला; मचा हड़कंप – Bihar Vaishali Mahatma Gandhi Setu Accident Two Youths Killed Truck Collision Hajipur News

17
0

[ad_1]

बिहार के वैशाली जिले में महात्मा गांधी सेतु पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। पुल की पूर्वी लेन पर पाया नंबर 26 के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने लगा, लेकिन राहगीरों और बाइक सवारों ने करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। हादसे के कारण हाजीपुर से पटना जाने वाली लेन पर यातायात बाधित हो गया और करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर गंगा ब्रिज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।

मरीन ड्राइव घूमने जा रहे थे दोनों दोस्त

मृतकों की पहचान हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के रंगीला चौक निवासी उमेश राय के पुत्र शौरभ कुमार और सदर थाना क्षेत्र के सुभई गांव निवासी अरुण कुमार के पुत्र कुमार कृतिक के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों युवक शनिवार देर रात अपनी अपाचे बाइक से पटना के मरीन ड्राइव घूमने के लिए निकले थे। वे महात्मा गांधी सेतु पर पाया नंबर 26 के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक ट्रक की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर के बाद करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए युवक

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, ओवरटेक करने की जल्दबाजी में ट्रक चालक ने लापरवाही बरतते हुए बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक ट्रक के पहियों के नीचे आ गए। आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इससे दोनों युवक करीब 20 मीटर तक पुल की सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में उनके शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की भयावहता के कारण पुल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डेढ़ किलोमीटर पीछा कर राहगीरों ने ट्रक चालक को पकड़ा

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ राहगीरों और बाइक सवारों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। लोगों ने करीब डेढ़ किलोमीटर आगे जाकर ट्रक को ओवरटेक कर रुकवाया और चालक को पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने डायल 112 और गंगा ब्रिज थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों के कब्जे से चालक को अपने नियंत्रण में लिया। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों शवों को सड़क से हटाकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव

रविवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों युवकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। शव घर पहुंचने पर परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों युवकों की मौत की खबर से उनके गांवों में भी शोक का माहौल है।

हादसे के बाद गांधी सेतु पर चार किलोमीटर लंबा जाम

इस भीषण सड़क दुर्घटना के कारण महात्मा गांधी सेतु पर हाजीपुर से पटना जाने वाली लेन में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते करीब चार किलोमीटर तक जाम लग गया। इससे पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलने पर यातायात थाना और स्थानीय गंगा ब्रिज थाना पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया जा सका। फिलहाल, पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here