[ad_1]

भागलपुर शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत साहेबगंज प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाले इंटरमीडिएट के एक नाबालिग छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मृतक छात्र का परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में रह रहा है. छात्र के पिता निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि उनका मूल पैतृक निवास मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरिया गांव में है. घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है.
कमरे का दरवाजा तोड़कर फंदे से उतारा, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों के अनुसार, मंगलवार दोपहर छात्र खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया था और कुछ देर बाद उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. शाम के वक्त जब छात्र के मामा ने किसी काम से दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. अनहोनी की आशंका होने पर मामा ने छात्र की मां को आवाज दी और दोनों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा.
कमरे के भीतर छात्र कपड़े के बेल्ट से बने फंदे के सहारे छत के हुक से लटका हुआ मिला. परिजनों ने उसे आनन-फानन में फंदे से नीचे उतारा. उस समय उसकी सांसें धीमी चल रही थीं. परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) मायागंज लेकर पहुंचे, जहां आपातकालीन वार्ड के चिकित्सकों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया.
पढ़ाई को लेकर तनाव में रहने की बात आई सामने
घटना के संदर्भ में मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र पिछले कुछ दिनों से अपनी पढ़ाई और करियर को लेकर काफी चिंतित व तनाव में रहता था. आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया. हालांकि, तनाव की सटीक वजह क्या थी, इसे लेकर परिजन स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पाए हैं.
बुधवार को बरारी कैंप थाने की पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए मायागंज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार हेतु शव परिजनों को सौंप दिया. घटना की जानकारी मिलते ही मधेपुरा से भारी संख्या में स्वजन व ग्रामीण भागलपुर पहुंचे, जहां सभी का रो-रोकर बुरा हाल है.
विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
The post भागलपुर: प्रोफेसर कॉलोनी में इंटर के छात्र ने लगाई फांसी, पढ़ाई को लेकर तनाव में था, मधेपुरा का रहने वाला था appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link














