[ad_1]

भागलपुर : भागलपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को रेलवे कर्मियों और अधिकारियों की तत्परता से एक बुजुर्ग महिला यात्री को चलती ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ने से रोका गया और ट्रेन रुकवाकर उन्हें सुरक्षित वापस चढ़ाया गया. करीब 70 वर्ष से अधिक उम्र की महिला मालदा-नई दिल्ली-पुडुचेरी एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं. घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक पर हुई.
खाने का सामान लेकर लौटीं, तब तक खुल गई ट्रेन
जानकारी के अनुसार, महिला मालदा से ट्रेन में सवार हुई थीं. भागलपुर स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह प्लेटफॉर्म पर स्थित खाने के स्टॉल से कुछ सामान लेने उतर गईं. सामान लेकर जब वह अपनी बोगी की ओर लौटने लगीं, तभी ट्रेन खुल गई. ट्रेन को खुलता देखकर महिला उसे पकड़ने के लिए दौड़ने लगीं.
टीटीई और आरपीएफ कर्मियों ने दिखाई तत्परता
ड्यूटी पर तैनात टीटीई प्रमोद कुमार सिंह और आरपीएफ के कर्मियों ने महिला को दौड़ने से रोका. इसी दौरान सीआईटी चेकिंग अभियान से जुड़े फूल कुमार शर्मा, सीएमआई सुधांशु आर्या और चीफ टीएनसी बीके महाराज ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन रुकवाई. इसके बाद महिला को ट्रेन में चढ़ाया गया.
इस मदद के लिए महिला यात्री ने रेलवे कर्मियों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
The post भागलपुर स्टेशन पर ट्रेन खुलते ही दौड़ पड़ी बुजुर्ग महिला, फिर रेलवे कर्मियों द्वारा रोकी गई ट्रेन : टला हादसा appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link
















