Home अंग प्रदेश मखाना फोड़ी में मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने मालिक पर लगाया...

मखाना फोड़ी में मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने मालिक पर लगाया हत्या का आरोप

20
0

[ad_1]

कोढ़ा (कटिहार). कोढ़ा थाना क्षेत्र की मकदमपुर पंचायत में संचालित मखाना फोड़ी में काम करने वाले 45 वर्षीय सुबोध साह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक कुरसेला थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है. मौत की सूचना मिलने के बाद उसकी पत्नी, चार बेटियां और अन्य परिजन कोढ़ा थाना के सामने शिव मंदिर के पास पहुंचे. एंबुलेंस में पति का शव देखते ही पत्नी दहाड़ मारकर रोने लगी, जबकि चारों बेटियां पिता के शव से लिपटकर बिलखती रहीं. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

मखाना फोड़ी में मजदूरी करता था सुबोध साह

परिजनों के अनुसार सुबोध साह मखाना फोड़ी में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग शव लेने और मामले की जानकारी प्राप्त करने के लिए कोढ़ा थाना पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि सुबोध की मौत सामान्य हादसा नहीं, बल्कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है.

मालिक ने कहा, छत से गिरने के कारण हुई मौत

मखाना फोड़ी के मालिक सुनील कुमार ने परिजनों के आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि सुबोध रात में फोड़ी की छत पर सोया था. सुबह वह छत के नीचे गिरा हुआ मिला, जिसके बाद छत से गिरने के कारण उसकी मौत होने की जानकारी सामने आई. हालांकि परिजन मालिक के इस दावे को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं. उनका कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके.

पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल मौत को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं.

पोस्टमार्टम के बाद लिखित आवेदन देंगे परिजन

परिजनों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद वे कोढ़ा थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग करेंगे. उनका कहना है कि सुबोध की मौत की पूरी जांच होनी चाहिए और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.

पुलिस के अनुसार लिखित शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. हादसा है या हत्या, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

चार बेटियां और गर्भवती पत्नी के सामने आर्थिक संकट

सुबोध साह अपने पीछे चार बेटियां और गर्भवती पत्नी छोड़ गए हैं. परिवार की आजीविका मजदूरी पर निर्भर थी. उसकी अचानक मौत के बाद परिजनों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है. परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और जरूरत पड़ने पर सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

मौत की असली वजह बनी हुई है रहस्य

फिलहाल सुबोध साह की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. जांच पूरी होने के बाद ही यह सामने आएगा कि मजदूर की मौत छत से गिरने के कारण हुई या घटना के पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी.

The post मखाना फोड़ी में मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने मालिक पर लगाया हत्या का आरोप appeared first on Prabhat Khabar.

[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here