[ad_1]

विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर सोमवार को तिलकामांझी चौक स्थित पशुपालन विभाग परिसर में जानवरों के लिए आयोजित नि:शुल्क एंटी रेबीज वैक्सीनेशन कार्यक्रम अचानक रद्द कर दिया गया. गोराडीह, नाथनगर, जगदीशपुर, सबौर सहित कई सुदूर इलाकों से लोग अपने पालतू कुत्तों को टीका लगवाने के लिए पहुंचे थे. विभाग पहुंचने पर उन्हें अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सरकार की ओर से एक दिन पहले ही इस विशेष कार्यक्रम को स्थगित करने की सूचना प्राप्त हुई है. बिना टीकाकरण के वापस लौटने पर दूर-दराज से आए लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली.
लंबी दूरी तय कर पहुंचे लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी
सोमवार की सुबह से ही पशुपालन विभाग परिसर में पालतू कुत्तों के साथ लोगों के आने का सिलसिला जारी था. कई पशुपालक निजी वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का सहारा लेकर लंबी दूरी तय कर पहुंचे थे. वहां मौजूद विभागीय कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि विभाग में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण सोमवार को टीकाकरण नहीं किया जा सकेगा. लोगों का कहना था कि यदि कार्यक्रम रद्द होने की पूर्व सूचना सार्वजनिक की जाती, तो उन्हें इस प्रकार बेवजह परेशान नहीं होना पड़ता.
बाहर से इंजेक्शन खरीदकर लाने वालों को टीका लगाने का आरोप
टीकाकरण रद्द होने के बाद विभाग परिसर में मौजूद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने निजी मेडिकल स्टोर से एंटी रेबीज इंजेक्शन खरीदकर उपलब्ध कराया, केवल उनके कुत्तों को टीका लगाया जा रहा था. इस बात को लेकर उपस्थित नागरिकों ने वहां मौजूद कर्मचारियों और चिकित्सकों से तीखे सवाल किए.
शिक्षा विभाग के कर्मचारी अनिल पासवान ने बताया कि वे अपने कुत्ते को लेकर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि वैक्सीनेशन डे रद्द है और बाहर से दवा लाने को कहा गया. वहीं गोराडीह निवासी राहुल ने भी वैक्सीन की अनुपलब्धता के कारण निराश होकर लौटने की बात कही.
वैक्सीन की अनुपलब्धता के चलते स्थगित हुआ कार्यक्रम
पशुपालन विभाग के वीसी रवि कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से एक दिन पूर्व ही कार्यक्रम रद्द करने की आधिकारिक सूचना प्राप्त हो गई थी. एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं रहने के कारण यह टीकाकरण कार्य संपन्न नहीं कराया जा सका. उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली तिथि तय होते ही जानवरों के लिए टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाएगा.
जल्द तय होगी नई तिथि: जिला पशुपालन पदाधिकारी
जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अंजली कुमारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि फिलहाल सरकार से एंटी रेबीज वैक्सीन को लेकर आवश्यक निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं. वर्तमान में एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से चलाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि जैसे ही एंटी रेबीज वैक्सीन की आपूर्ति सुनिश्चित होगी और नई तिथि तय होगी, उसका व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने यह भी जोड़ा कि आवश्यकता पड़ने पर लोग निजी तौर पर बाहर से इंजेक्शन खरीदकर लगवाते हैं, लेकिन सरकार की यह सराहनीय पहल है कि आगे पालतू जानवरों को पूर्णतः नि:शुल्क इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा.
[ad_2]
Source link
















