Home अंग प्रदेश भागलपुर में साले को ट्रेन पकड़वाने निकले जीजा की सड़क हादसे में...

भागलपुर में साले को ट्रेन पकड़वाने निकले जीजा की सड़क हादसे में मौत, घायल युवक का चल रहा इलाज

14
0

[ad_1]

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट

Bhagalpur News : भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र स्थित बायपास सड़क पर सरदारपुर के समीप शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 62 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनका साला गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों मोटरसाइकिल से रेलवे स्टेशन जा रहे थे, जहां से घायल को पटना के लिए ट्रेन पकड़नी थी. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

पटना जाने के लिए घर से निकले थे दोनों

मृतक की पहचान कजरैली थाना क्षेत्र के शाहपुर तमौनी निवासी 62 वर्षीय नजीर उद्दीन के रूप में हुई है. वहीं घायल शमीम उर्फ गुड्डू (42) लोदीपुर थाना क्षेत्र के कुरीडीह पीथना गांव के रहने वाले हैं. परिजनों के अनुसार शमीम को पटना जाना था, इसलिए उनके जीजा नजीर उद्दीन उन्हें मोटरसाइकिल से भागलपुर रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए घर से निकले थे.

बायपास पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

रास्ते में हबीबपुर थाना क्षेत्र के बायपास सड़क पर सरदारपुर के समीप उनकी मोटरसाइकिल किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता

दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) मायागंज भेजा.

इलाज के दौरान नहीं बच सकी जान

अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया, लेकिन नजीर उद्दीन की हालत अत्यंत गंभीर थी. काफी प्रयासों के बावजूद चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं घायल शमीम उर्फ गुड्डू का उपचार जारी है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

परिवार का सहारा छिनने से पसरा मातम

मृतक के पुत्र मो. इमामुद्दीन ने बताया कि उनके पिता राजमिस्त्री का काम करते थे और परिवार के भरण-पोषण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते थे. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें नजीर उद्दीन के निधन की दुखद जानकारी मिली. इसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया.

छह पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गये नजीर

परिजनों के अनुसार नजीर उद्दीन अपने पीछे छह पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. रिश्तेदारों और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई है.

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद बरारी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है. स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है.

The post भागलपुर में साले को ट्रेन पकड़वाने निकले जीजा की सड़क हादसे में मौत, घायल युवक का चल रहा इलाज appeared first on Prabhat Khabar.

[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here