[ad_1]

भागलपुर. तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के लालबाग परिसर स्थित पीजी गर्ल्स हॉस्टल में बाढ़ का पानी उतरने और चोरी की घटना को करीब 15 दिन से अधिक समय बीत चुके हैं, लेकिन छात्राओं को अब तक हॉस्टल में रहने की अनुमति नहीं दी जा रही है. हॉस्टल बंद रहने से छात्राओं में नाराजगी है. सोमवार को हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं ने डीएसडब्ल्यू प्रो. अर्चना साह से उनके कार्यालय में मुलाकात कर तत्काल हॉस्टल खोलने और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की.
छात्राओं का सवाल- शुल्क लेते हैं तो रहने की सुविधा भी दें
छात्राओं ने डीएसडब्ल्यू से कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से हॉस्टल शुल्क लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें हॉस्टल में रहने की सुविधा नहीं मिल रही है. छात्राओं ने सुरक्षा को लेकर भी चिंता जतायी और कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हॉस्टल खोलने में परेशानी है, तो वहां सुरक्षा गार्ड तैनात किये जायें. छात्राओं ने विश्वविद्यालय में उपलब्ध सुरक्षा गार्डों में से ही हॉस्टल में गार्ड की प्रतिनियुक्ति करने की मांग की, ताकि छात्राएं सुरक्षित माहौल में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर सकें.
विक्रमशिला सेतु बंद होने से बढ़ेगी परेशानी
छात्राओं की ओर से नेतृत्व कर रही एबीवीपी की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अंजली झा ने कहा कि 30 सितंबर से विक्रमशिला सेतु बंद होने वाला है. ऐसे में बाहर रहकर रोज विश्वविद्यालय आना-जाना और मुश्किल हो जायेगा. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में कक्षाएं और परीक्षाएं जारी हैं. इसलिए छात्राओं के लिए प्रतिदिन विश्वविद्यालय पहुंचना जरूरी है. बाहर रहकर आने-जाने में अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. कई छात्राओं की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे लंबे समय तक बाहर रहकर पढ़ाई कर सकें.
छात्राओं ने कहा- हॉस्टल दो में नहीं हुई चोरी
प्रतिनिधिमंडल में शामिल कर्मा कुमारी, दीपा कुमारी, मुस्कान सिंह, खुशबु कुमारी, डाली, आशा, अंजली, कोमल, पल्लवी, आरती सहित अन्य छात्राओं ने बताया कि उनके हॉस्टल दो में चोरी की घटना नहीं हुई है. इसके बावजूद उन्हें हॉस्टल में रहने की अनुमति नहीं दी जा रही है. छात्राओं के अनुसार, हॉस्टल अधीक्षक डीएसडब्ल्यू से आदेश लेकर आने की बात कह रही हैं. छात्राओं ने बताया कि हॉस्टल पिछले एक माह से बंद है.
हॉस्टल खोलने और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द हॉस्टल खोलने की मांग की है. साथ ही हॉस्टल में सुरक्षा गार्ड की तैनाती करने का अनुरोध किया है. छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल उपलब्ध होने के बावजूद बाहर रहकर पढ़ाई करने से उनका आर्थिक खर्च बढ़ रहा है और विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद आने-जाने की परेशानी और बढ़ सकती है.
The post शुल्क लेने के बाद भी हॉस्टल बंद, छात्राओं ने खोला मोर्चा, गार्ड तैनाती की मांग appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link
















