[ad_1]

कांवर यात्रा के सिलसिले में सुलतानगंज स्थित सरकारी अतिथि गृह (गेस्ट हाउस) पहुंचे दरभंगा सांसद सह रेलवे स्थायी समिति के सदस्य गोपाल जी ठाकुर का भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री सतीश कुमार उर्फ कन्हैया झा ने अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने सुलतानगंज-भागलपुर रेलखंड के प्रमुख स्टेशन अकबरनगर में गाड़ी संख्या 15553/15554 जयनगर-भागलपुर-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस के वाणिज्यिक ठहराव की मांग को लेकर सांसद को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा.
20 से 25 पंचायतों की निर्भरता, नगर निकाय बनने से बढ़ा दायरा
ज्ञापन सौंपते हुए कन्हैया झा ने सांसद को अवगत कराया कि सुलतानगंज और भागलपुर जंक्शन के मध्य स्थित अकबरनगर एक बेहद महत्वपूर्ण और व्यस्त रेलवे स्टेशन है. इस स्टेशन पर आसपास के ग्रामीण इलाकों की करीब 20 से 25 पंचायतों की बड़ी आबादी रेल यात्रा के लिए पूरी तरह निर्भर है. उन्होंने रेखांकित किया कि बिहार सरकार द्वारा अकबरनगर को पहले ही नगर पंचायत का दर्जा दिया जा चुका है और वर्तमान में इसे नगर परिषद में उत्क्रमित करने की प्रशासनिक प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है. ऐसे में नगरीय विस्तार और यात्रियों की निरंतर बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां लंबी दूरी और इंटरसिटी ट्रेनों का ठहराव बेहद आवश्यक हो गया है.
मिथिला और अंग क्षेत्र के बीच सीधा संपर्क होगा सुदृढ़
नेताओं ने बताया कि जयनगर-भागलपुर इंटरसिटी का अकबरनगर में ठहराव होने से मिथिलांचल (दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर) और अंग क्षेत्र (भागलपुर) के बीच सीधा, सुलभ और सस्ता रेल संपर्क स्थापित होगा. इससे न केवल आम यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्र-छात्राओं को सहूलियत होगी, बल्कि छोटे व्यापारियों और किसानों को भी अपने उत्पादों के परिवहन में बड़ा लाभ मिलेगा.
कांवर यात्रा के बाद रेल मंत्री से मिलेंगे सांसद
सांसद सह रेलवे स्थायी समिति के सदस्य गोपाल जी ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान व कांवर यात्रा संपन्न होने के उपरांत वे नई दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा रेलवे बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे. सांसद ने आश्वस्त किया कि अकबरनगर स्टेशन पर जनहित से जुड़ी इस बहुप्रतीक्षित मांग को प्रमुखता से रखकर ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा नेता विकास कुमार कर्ण, शंकर सिंह, अविनाश कुमार, शोभाकांत झा सहित कई स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
The post अकबरनगर स्टेशन पर जयनगर-भागलपुर इंटरसिटी के ठहराव की मांग, भाजपा नेता कन्हैया झा ने दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर को सौंपा ज्ञापन appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link
















