Home अंग प्रदेश Watch Video: अमदाबाद के पार दियारा में गंगा का तांडव, 300 फीट...

Watch Video: अमदाबाद के पार दियारा में गंगा का तांडव, 300 फीट लंबा दायरा नदी में समाया

15
0

[ad_1]

कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड अंतर्गत पार दियारा पंचायत के वार्ड संख्या 12 में गंगा नदी का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है. बुधवार को पंचायत के भादू टोला से युसूफ टोला के बीच नदी ने तेजी से आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए कई स्थानों पर भीषण कटाव किया. ग्रामीणों के अनुसार लगभग 300 फीट लंबाई और 25 फीट चौड़ाई के भू-भाग का कटाव होकर नदी में विलीन हो गया. नदी के तेज बहाव में कई हरे-भरे विशाल पेड़ देखते ही देखते समा गए, जिससे तटवर्ती इलाकों में दहशत का माहौल है.

कटाव स्थल पर मौजूद लोग घर तोड़कर भाग रहे परिवार | Prabhat Khabar Network
घर तोड़कर भाग रहे परिवार | Prabhat Khabar Network

आशियाना तोड़ सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन कर रहे ग्रामीण

कटाव की गति इतनी तीव्र है कि नदी किनारे बसे परिवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिल पा रहा है. अपने घरों के नदी के गर्भ में समाने के डर से प्रभावित परिवार स्वयं अपने हाथों से कच्चे व पक्के आशियाने तोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को विवश हैं. वार्ड नंबर 12 निवासी मोहम्मद वजीद्दीन, मोहम्मद महबूर, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद मुंताज, मोहम्मद उज्जल और मोहम्मद मनीर सहित कई परिवारों ने घर का सामान, मवेशी और निर्माण सामग्री समेटकर सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर शरण लेना शुरू कर दिया है.

जलस्तर घटने के बाद धार की तीव्रता से बढ़ा कटाव

अमदाबाद प्रखंड में प्रत्येक वर्ष बाढ़ और कटाव के कारण दर्जनों परिवार विस्थापित होकर शरणार्थी का जीवन जीने को मजबूर होते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा के जलस्तर में कमी आने के साथ ही नदी की मुख्य धारा का दबाव किनारों पर आ गया है. इस तेज बहाव के कारण कटाव का दायरा लगातार चौड़ा होता जा रहा है, जिससे खेती योग्य उपजाऊ जमीन और रिहायशी बस्तियों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है.

कटाव स्थल पर मौजूद लोग घर तोड़कर भाग रहे परिवार | Prabhat Khabar Network
घर तोड़कर भाग रहे परिवार | Prabhat Khabar Network

कनीय अभियंता ने दी रिपोर्ट, एंटी-इरोजन कार्य की तैयारी

कटाव की स्थिति को लेकर जल संसाधन विभाग के कनीय अभियंता विश्व वल्लभ कुमार ने दूरभाष पर बताया कि युसूफ टोला के समीप लगभग 100 मीटर लंबाई और 20 से 25 फीट चौड़ाई के दायरे में कटाव की आधिकारिक सूचना मिली है. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल उस स्थान पर कटाव की गति कुछ हद तक थमी हुई है. कटावरोधी (एंटी-इरोजन) कार्य शुरू कराने के लिए विभागीय वरीय अधिकारियों को प्राक्कलन व विस्तृत रिपोर्ट भेजी जा रही है. स्वीकृति मिलते ही कटाव रोकने के लिए तटबंध सुरक्षा कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा.

The post Watch Video: अमदाबाद के पार दियारा में गंगा का तांडव, 300 फीट लंबा दायरा नदी में समाया appeared first on Prabhat Khabar.

[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here