[ad_1]

कटिहार. भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, पटना की ओर से बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा की गई है. गुरुवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी हॉल में जिला पदाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संवाददाता सम्मेलन में चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कटिहार जिले में कुल 18 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10,977 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
29 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
चुनाव अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी. अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. अभ्यर्थी छह अक्टूबर तक निर्वाची पदाधिकारी सह पूर्णिया प्रमंडलीय आयुक्त के समक्ष नामांकन दाखिल कर सकेंगे.कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त को निर्वाची पदाधिकारी तथा संबंधित जिलों के जिला पदाधिकारियों को सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में अधिसूचित किया गया है.
7 अक्टूबर को होगी नामांकन पत्रों की संवीक्षा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी. इसके बाद नौ अक्टूबर तक अभ्यर्थी अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे. नामांकन और संवीक्षा की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर स्पष्ट होगी.
23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा. मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है. चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है. डीएम आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना होगा. उन्होंने कहा कि इस अवधि में नियमों के विपरीत किसी प्रकार की घोषणा, शिलान्यास या उद्घाटन नहीं किया जा सकेगा.
कटिहार में 18 मतदान केंद्र, 10,977 मतदाता
डीएम के अनुसार कटिहार जिले में कुल 18 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. ये मतदान केंद्र सभी 16 प्रखंड मुख्यालयों के अलावा कटिहार नगर निगम कार्यालय में दो मतदान केंद्रों के रूप में स्थापित किए गए हैं. कुल 10,977 मतदाताओं में 8,425 पुरुष और 2,552 महिला मतदाता शामिल हैं.
57 मतदाताओं के नाम हटाए गए
डीएम ने बताया कि 30 दिसंबर 2025 को प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार कटिहार जिले में कुल 11,034 मतदाता थे. दोहरी प्रविष्टि की वजह से 57 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए. इसके बाद वर्तमान मतदाता संख्या 10,977 रह गई है.
27 अक्टूबर को होगी मतगणना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान के बाद 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना कराई जाएगी. चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे.
यह रहेगा कोसी स्नातक चुनाव का कार्यक्रम
| चुनाव प्रक्रिया | निर्धारित तिथि |
| अधिसूचना प्रकाशन | 29 सितंबर 2026 |
| नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि | 6 अक्टूबर 2026 |
| नामांकन पत्रों की संवीक्षा | 7 अक्टूबर 2026 |
| अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि | 9 अक्टूबर 2026 |
| मतदान | 23 अक्टूबर 2026 |
| मतदान का समय | सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक |
| मतगणना | 27 अक्टूबर 2026 |
निर्वाचन विभाग की तैयारी पर जोर
संवाददाता सम्मेलन में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार पासवान भी मौजूद रहे. प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े आवश्यक इंतजाम समय पर पूरा करने की तैयारी की जा रही है.
The post कटिहार: कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव की तारीखों का ऐलान, 23 अक्टूबर को होगी वोटिंग appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link
















