[ad_1]

TMBU Bhagalpur NSS Day Celebration: तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के बैनर तले राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का स्थापना दिवस गुरुवार को एक स्थानीय बीएड कॉलेज में अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे शामिल हुईं. समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल मंत्र और वास्तविक अर्थ 'राष्ट्र सबसे पहले' (Nation First) है. उन्होंने कहा कि देशहित, समाज सेवा और देशभक्ति के उच्च आदर्शों से बिना कोई समझौता किए एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में व्यवहार करना ही एनएसएस के स्वयंसेवकों की असली पहचान है, और उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्य अत्यंत सराहनीय हैं.
कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति को सलामी देने वाले जांबाज शानू मिश्रा को डीएम ने किया सम्मानित
इस भव्य समारोह का सबसे गौरवपूर्ण क्षण वह रहा जब जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने कर्तव्य पथ (नई दिल्ली) पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान महामहिम राष्ट्रपति को सलामी देकर लौटे टीएमबीयू के होनहार एनएसएस स्वयंसेवक शानू मिश्रा को सम्मानित किया. डीएम ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इस दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और भारत माता के जयकारों से गूंज उठा. विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा कि शानू मिश्रा की यह उपलब्धि पूरे भागलपुर और टीएमबीयू परिवार के लिए बड़े गर्व की बात है.
डॉ. अजीत, डॉ. राकेश और डॉ. हिमांशु बने बेस्ट PO, 30 वालंटियर्स को मिला बेस्ट स्वयंसेवक का अवॉर्ड
स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और स्वयंसेवकों के लिए 'एनएसएस अवॉर्ड्स' की घोषणा की गई. इसमें बेहतरीन मार्गदर्शन और सामाजिक गतिविधियों के संचालन के लिए डॉ. अजीत कुमार, डॉ. राकेश रंजन, डॉ. हिमांशु शेखर, डॉ. अनुपमा दुबे और सलील कुमार सिंह को बेस्ट कार्यक्रम पदाधिकारी (Best Program Officer) के सम्मान से नवाजा गया.
इसके अलावा विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाइयों से चयनित 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और समर्पित समाज सेवा के आधार पर 'बेस्ट वालंटियर' (Best Volunteer) का पुरस्कार दिया गया.
TMBU Bhagalpur NSS Day Celebration: 'मानवता और देशभक्ति की पाठशाला है NSS': विवि समन्वयकों और प्राचार्यों ने बांधे तारीफों के पुल
समारोह में विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. राहुल कुमार ने कहा कि समर्पित कार्यक्रम पदाधिकारियों और ऊर्जावान स्वयंसेवकों की बदौलत ही आज टीएमबीयू का नाम बिहार और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के साथ लिया जाता है. प्राचार्य डॉ. अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए एक सुनहरा अवसर है.
वहीं, प्राचार्य प्रो. दीपो महतो ने इसे ईमानदारी, सुचिता, मानवता और देशभक्ति की असली पाठशाला करार दिया. प्राचार्य प्रो. संजय झा ने कहा कि एनएसएस से जुड़कर छात्र-छात्राओं में नैतिक मूल्यों और चरित्र का निर्माण होता है. कार्यक्रम के दौरान डीएसडब्ल्यू प्रो. अर्चना साह, सिंडिकेट सदस्य डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा, प्रो. रंजना दुबे समेत विश्वविद्यालय के कई गणमान्य शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
The post TMBU में सजा NSS स्थापना दिवस का मंच: डीएम अलंकृता पांडे ने कहा- 'राष्ट्र हित से बढ़कर कुछ नहीं', जानें किन्हें मिला बेस्ट अवॉर्ड appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link















