[ad_1]

कटिहार, बलिया बेलौन. बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के मधाईपुर पंचायत स्थित विद्यानंदपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 14 वर्षीय किशोर का शव गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पीर दिघी के पास धान के खेत में मिला. किशोर की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
सोमवार रात खाना खाने के बाद घर से निकला था खादिम
मृतक की पहचान विद्यानंदपुर निवासी आरिफ के पुत्र खादिम के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार खादिम सोमवार रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद घर से बाहर निकला था. काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. परिजनों ने देर रात तक आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी खोजबीन की, लेकिन खादिम का कोई पता नहीं चल सका. मंगलवार सुबह खेत में शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे.
मां ने कहा- खाना खाने के बाद टहलने जाता था
मृतक की मां मस्कीना खातून ने बताया कि खादिम अक्सर खाना खाने के बाद सड़क पर टहलने के लिए जाता था. सोमवार रात भी वह खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकला था. परिजनों के अनुसार खादिम मोबाइल पर पबजी गेम भी खेलता था. परिवार वालों ने बताया कि खादिम की किसी से दुश्मनी नहीं थी. ऐसे में उसकी मौत की सूचना से परिजन सदमे में हैं और घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही बलिया बेलौन थानाध्यक्ष शाहिद हुसैन दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बारसोई एसडीपीओ अनिकेत अमर भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई.
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब हत्या की आशंका समेत घटना के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है. जांच इस बिंदु पर भी की जा रही है कि किशोर की हत्या उसी स्थान पर की गई या कहीं और हत्या करने के बाद शव को धान के खेत में लाकर फेंका गया.
जल्द मामले के उद्भेदन का पुलिस का दावा
थानाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा. इधर, घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है. स्थानीय मुखिया असरार अहमद ने घटना पर दुख जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
14 वर्षीय किशोर का शव खेत में मिलने के बाद पुलिस के सामने घटना के कारण और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने की चुनौती है. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और पुलिस की पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच की जा रही है.
The post खाना खाने के बाद घर से निकला 14 साल का किशोर, सुबह धान के खेत में मिला शव, गला रेतकर हत्या की आशंका appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link

















