Home अंग प्रदेश बिहार:चलती बस बनी आग का गोला, यात्रियों में मची चीख-पुकार; चालक की...

बिहार:चलती बस बनी आग का गोला, यात्रियों में मची चीख-पुकार; चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा – Bihar Vaishali Bus Catches Fire At Chaila Chowk On Hajipur Muzaffarpur Nh Passengers Safe Vaishali News

18
0

[ad_1]

बिहार के वैशाली जिले में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सदर थाना क्षेत्र के व्यस्त चैला चौक के पास मुजफ्फरपुर से हाजीपुर की ओर आ रही एक निजी बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, चालक और खलासी की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे बड़ा हादसा टल गया।

इंजन से निकलने लगा धुआं, देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निजी बस मुजफ्फरपुर से यात्रियों को लेकर हाजीपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सदर थाना क्षेत्र के चैला चौक के पास पहुंची, उसके इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया।

बस से धुआं उठता देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक और खलासी ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और आनन-फानन में सभी यात्रियों को नीचे उतारा। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि सभी यात्री समय रहते बाहर निकल गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग बुझाने पहुंचे स्थानीय लोग, पुलिस ने संभाला मोर्चा

बस में आग लगने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। कुछ लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि बस के पास जाना मुश्किल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात को दूसरे रास्तों से निकालने की व्यवस्था शुरू की, ताकि किसी अन्य दुर्घटना की आशंका न रहे।

आधे घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया आग पर काबू

बस में आग लगने की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो चुका था।


आग लगने की घटना के कारण हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई बस को सड़क किनारे हटवाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू हो सका।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच में बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। पुलिस बस मालिक और चालक से भी पूछताछ कर रही है, ताकि आग लगने की वजह स्पष्ट हो सके।

[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here