[ad_1]

शहर के ऐतिहासिक भैरवा तालाब का नया स्वरूप जल्द ही शहरवासियों और पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनने जा रहा है. तालाब परिसर में आने वाले लोगों को अब एक ही छत के नीचे ग्लास ब्रिज, अंडर वाटर एक्वेरियम, ग्लास पैसेज, वाटर कर्टेन फाउंटेन और ओपन कैफेटेरिया जैसी अत्याधुनिक पर्यटन सुविधाओं का अनूठा अनुभव मिलेगा. तालाब के सौंदर्यीकरण की रूपरेखा इस तरह तैयार की गई है कि परिसर में कदम रखते ही आंगंतुकों को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल का अहसास होगा.
आकर्षक प्रवेश द्वार और इंटरकनेक्ट ग्रीन शेड
भैरवा तालाब का भव्य प्रवेश द्वार इस पूरे प्रोजेक्ट का प्रमुख आकर्षण होगा. प्रवेश द्वार से अंदर आते ही परिसर में विकसित की जाने वाली आधुनिक सुविधाएं लोगों को अलग-अलग हिस्सों तक ले जाएंगी. परिसर की हरियाली और सुंदरता को निखारने के लिए इंटरकनेक्ट ग्रीन शेड का निर्माण कराया जाएगा. इसके माध्यम से परिसर के सभी प्रमुख हिस्से आपस में जुड़े रहेंगे, जिससे लोगों को सुरक्षित और खुशनुमा माहौल में पैदल घूमने की सुविधा मिलेगी.
ग्लास ब्रिज और ग्लास पैसेज का रोमांच
तालाब परिसर में बनने वाला अत्याधुनिक ग्लास ब्रिज सैलानियों के लिए रोमांच का मुख्य केंद्र बनेगा. शीशे से बने इस पारदर्शी ब्रिज पर चलना लोगों को एक बिल्कुल नया और रोमांचक अनुभव प्रदान करेगा. इसके साथ ही बनाए जाने वाले ग्लास पैसेज के जरिए भी दर्शक तालाब के विहंगम दृश्य और जलीय वातावरण को नए दृष्टिकोण से निहार सकेंगे.
अंडर वाटर एक्वेरियम में दिखेगी जलीय दुनिया
परियोजना का सबसे विशिष्ट आकर्षण अंडर वाटर एक्वेरियम होगा. इस विशेष एक्वेरियम के जरिए आम लोगों और बच्चों को पानी के नीचे मौजूद रहस्यमयी जलीय दुनिया और विभिन्न प्रजातियों के जलीय जीवों को बेहद करीब से देखने का अवसर मिलेगा. शहर के बीचों-बीच यह सुविधा स्थानीय पर्यटन को नए आयाम देगी.
वाटर कर्टेन फाउंटेन और ओपन कैफेटेरिया
परिसर के मध्य में एक भव्य सेंट्रल वाटर कर्टेन फाउंटेन लगाया जाएगा, जो शाम के समय रोशनी और पानी के तालमेल से अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा. इसके अलावा, पर्यटकों की सुविधा के लिए रेस्टोरेंट और ओपन कैफेटेरिया की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है, जहां लोग भ्रमण के बाद सुकून से बैठकर खान-पान का आनंद ले सकेंगे.
9.61 करोड़ से होगा काम, 15 अक्टूबर को खुलेगी निविदा
इन सभी अत्याधुनिक नागरिक सुविधाओं को धरातल पर उतारने के लिए 9 करोड़ 61 लाख 61 हजार 965 रुपये की लागत से शेष कार्य (रिमेनिंग वर्क) कराया जाएगा. इस संबंध में निविदा की प्रक्रिया वर्तमान में जारी है और आगामी 15 अक्टूबर को निविदा खोली जाएगी. संवेदक एजेंसी का चयन होते ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा. यदि प्रक्रिया तय समय पर पूरी हुई, तो नवंबर से निर्माण कार्य शुरू कर इसे 15 महीने की समय-सीमा में पूरा कर लिया जाएगा. चयनित निर्माण एजेंसी को अगले पांच वर्षों तक इस पूरे परिसर के संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) की जिम्मेदारी भी निभानी होगी.
The post भागलपुर भैरवा तालाब: 9.61 करोड़ से बदलेगा रूप, ग्लास ब्रिज व एक्वेरियम का दीदार appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link















