[ad_1]
कुरसेला (कटिहार). कटिहार-बरौनी रेलखंड पर कोसी नदी के ऊपर बने नए डाउन रेल पुल के वेब प्लेट स्पैन में क्रैक की जानकारी मिलने के बाद बुधवार को रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और अभियंताओं की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया. हाजीपुर रेल जोन के उप मुख्य अभियंता राकेश कुमार के साथ आरडीएसओ लखनऊ के डायरेक्टर मनीष कुमार, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अरुण कुमार तकाबरी और सीनियर सेक्शन इंजीनियर देव शंकर सिंह सहित विशेषज्ञों ने पुल की तकनीकी स्थिति का जायजा लिया.
करीब सात वेब प्लेट स्पैन में क्रैक की जानकारी
निरीक्षण के दौरान नए रेल पुल के करीब सात वेब प्लेट स्पैन में क्रैक पाए जाने की जानकारी सामने आई. रेलवे अधिकारियों ने पुल के प्रभावित हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया और तकनीकी स्थिति का आकलन किया. हालांकि क्रैक की जानकारी सामने आने के बावजूद फिलहाल रेल यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई है. कुरसेला रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार पुल से ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी है.

गुड्स ट्रेनों के लिए 50 किमी प्रति घंटे की गति
जानकारी के अनुसार फिलहाल गुड्स माल ट्रेनों को पुल से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की निर्धारित गति से पार कराया जा रहा है. यात्री ट्रेनों का परिचालन भी सामान्य रूप से जारी रहने की जानकारी है. रेलवे की तकनीकी टीम द्वारा पुल की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किए जाने के बाद आगे की तकनीकी कार्रवाई और आवश्यक सुरक्षा उपायों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
अप्रैल में हुई जांच के दौरान भी सामने आई थी गड़बड़ी
बताया जाता है कि अप्रैल 2026 में खगड़िया-बिहपुर-कुरसेला रेलखंड के पुलों की जांच के दौरान रेल अधिकारियों और अभियंताओं ने कुरसेला पुल के स्पैन में गड़बड़ी की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी थी.
जांच के दौरान गार्डर पर "इनकम्पलीट वेल्डिंग 20 अप्रैल 2026" लिखा हुआ पाया गया था. इसके बाद पुल की तकनीकी स्थिति को लेकर बुधवार को आरडीएसओ लखनऊ की टीम ने विशेष निरीक्षण किया.
आरडीएसओ की तीन सदस्यीय टीम ने की जांच
मिली जानकारी के अनुसार आरडीएसओ लखनऊ से तीन सदस्यीय टीम बुधवार को नए कुरसेला रेल ब्रिज की जांच के लिए पहुंची. टीम ने पुल के वेब प्लेट स्पैन और अन्य तकनीकी हिस्सों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान हाजीपुर रेल जोन के सीनियर सेक्शन इंजीनियर देव शंकर सिंह, बिहपुर के आईओडब्ल्यू केके मिश्रा तथा आईओडब्ल्यू के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे.
2021-22 में पूरा हुआ था पुल का निर्माण
कोसी नदी पर समानांतर रेल पुल का निर्माण वर्ष 2021-22 में पूरा हुआ था. इसके बाद नए पुल से ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया था. निर्माण पूरा होने के कुछ वर्षों बाद ही वेब प्लेट स्पैन में क्रैक की जानकारी सामने आने से पुल की तकनीकी गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
फिलहाल सामान्य है ट्रेनों का परिचालन
कुरसेला रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल पुल से ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से जारी है. रेलवे की विशेषज्ञ टीम के निरीक्षण के बाद अब प्रभावित हिस्सों की तकनीकी स्थिति और आवश्यक मरम्मत को लेकर आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी.
The post कटिहार-बरौनी रेलखंड: महज 4 साल पुराने कोसी रेल ब्रिज के 7 वेब प्लेट में क्रैक, निर्माण पर उठे सवाल appeared first on Prabhat Khabar.
[ad_2]
Source link















